NCERT Solutions for Class 11th: पाठ 1 - भूगोल एक विषय के रूप में भौतिक भूगोल के मूल सिद्धांत (Bhugol Ek Vishay ke Roop me) Bhautik Bhugol ke Mool Siddhant

अभ्यास

पृष्ठ संख्या: 11

1. बहुवैकल्पिक प्रश्न

(i) निम्नलिखित में से किस विद्वान् ने भूगोल (Geography) शब्द (Term) का प्रयोग किया?
(क) हेरोडटस
(ख) गौलिलियो
(ग) इरेटास्थेनिज़
(घ) अरस्तू
► (ग) इरेटास्थेनिज़

(ii) निम्नलिखित में से किस लक्षण को भौतिक लक्षण कहा जा सकता है?
(क) बंदरगाह
(ख) मैदान
(ग) सड़क
(घ) जल उद्यान
► (ख) मैदान

(iii) स्तंभ I एवं II के अंतर्गत लिखे गए विषयों को पढ़िए|


स्तंभ क
प्राकृतिक/सामाजिक विज्ञान
स्तंभ ख
भूगोल की शाखाएँ
1. मौसम विज्ञान अ. जनसंख्या भूगोल
2. जनांकिकी ब. मृदा भूगोल
3. समाजशास्त्र स. जलवायु विज्ञान
4. मृदा विज्ञान द. सामाजिक भूगोल

सही मेल को चिह्नांकित कीजिए
(क) 1ब, 2स, 3अ, 4द
(ख) 1द, 2ब, 3स, 4अ
(ग) 1अ, 2द, 3ब, 4स
(घ) 1स, 2अ, 3द, 4ब
► (घ) 1स, 2अ, 3द, 4ब

(iv) निम्नलिखित में से कौन सा प्रश्न कार्य-कारण संबंध से जुड़ा हुआ है?
(क) क्यों
(ख) क्या
(ग) कहाँ
(घ) कब
► (क) क्यों

(v) निम्नलिखित में से कौन सा विषय कालिक संश्लेषण करता है?
(क) समाजशास्त्र
(ख) मानवशास्त्र
(ग) इतिहास
(घ) भूगोल
► (ग) इतिहास

पृष्ठ संख्या: 12

2. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 30 शब्दों में दीजिए|

(i) आप विद्यालय जाते समय किन महत्वपूर्ण सांस्कृतिक लक्षणों का पर्यवेक्षण करते हैं? क्या वे सभी समान हैं अथवा असमान? उन्हें भूगोल के अध्ययन में सम्मिलित करना चाहिए अथवा नहीं? यदि हाँ तो क्यों?

उत्तर

विद्यालय जाते समय हम दुकान, स्कूल, क्लब, कार्यालय, मंदिर, मस्जिद तथा मकानों जैसे कुछ महत्वपूर्ण सांस्कृतिक लक्षणों का पर्यवेक्षण करते हैं| वे सभी लक्षण असमान हैं|
हाँ, उन्हें भूगोल के अध्ययन में सम्मिलित करना चाहिए क्योंकि वे सभी मानव भूगोल के आवश्यक अंग हैं|

(ii) आपने एक टेनिस गेंद, क्रिकेट गेंद, संतरा एवं लौकी देखा होगा| इनमें से कौन सी वस्तु की आकृत्ति पृथ्वी की आकृत्ति से मिलती-जुलती है? आपने इस विशेष वस्तु को पृथ्वी की आकृत्ति को वर्णित करने के लिए क्यों चुना है?

उत्तर

इनमें से संतरा की आकृत्ति पृथ्वी की आकृत्ति से मिलती-जुलती है क्योंकि अन्य सभी गोलाकार हैं जबकि लौकी का आकार लंबा है|
पृथ्वी का आकार पूरी तरह गोल नहीं हैं क्योंकि यह अपने अक्ष पर घूमता रहता है| पृथ्वी का आकार संतरे की तरह भु-आभ है|

(iii) क्या आप अपने विद्यालय में वन महोत्सव समारोह का आयोजन करते हैं? हम इतने पौधारोपण क्यों करते हैं? वृक्ष किस प्रकार पारिस्थैतिक संतुलन बनाए रखते हैं?

उत्तर

हाँ, हम अपने विद्यालय में वन महोत्सव समारोह का आयोजन करते हैं|
हम इतने पौधारोपण इसलिए करते हैं क्योंकि पेड़ों से हमें भोजन, ऑक्सीजन, स्वच्छ हवा, किफायती उत्पाद जैसे रबर तथा कागज प्राप्त होता है तथा दवाइयाँ बनाने में मदद मिलती है|
वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण करते हैं तथा ऑक्सीजन का उत्सर्जन कर पारिस्थैतिक संतुलन बनाए रखते हैं|

(iv) आपने हाथी, हिरण, केंचुए, वृक्ष एवं घास देखा है| वे कहाँ रहते व बढ़ते हैं? उस मंडल को क्या नाम दिया गया है? क्या आप इस मंडल के कुछ लक्षणों का वर्णन कर सकते हैं?

उत्तर

जिस परिवेश में हाथी, हिरण, केंचुए, वृक्ष एवं घास रहते व बढ़ते हैं उसे जैवमंडल कहा जाता है|
जैवमंडल के प्रमुख लक्षण निम्नलिखित हैं:
• जैवमंडल पृथ्वी ग्रह की वह परत है जहां जीवन मौजूद है|
• चूँकि जीवन का अस्तित्व जमीन, हवा तथा पानी में मौजूद है, इसलिए ये तीनों क्षेत्र जैवमंडल में आते हैं|
• पौधे एवं जानवर जैवमंडल के जैविक तत्व तथा मृदा, पानी, वायु अजैविक तत्व हैं|

(v) आपको अपने निवास से विद्यालय जाने में कितना समय लगता है? यदि विद्यालय आपके घर की सड़क के उस पार होता तो आप विद्यालय पहुँचने में कितना समय लेते? आने-जाने के समय पर आपके घर एवं विद्यालय के बीच की दूरी का क्या प्रभाव पड़ता है? क्या आप समय को स्थान या, इसके विपरीत, स्थान को समय में परिवर्तित कर सकते हैं?

उत्तर

मुझे अपने निवास से विद्यालय जाने में पाँच मिनट लगता है| यदि विद्यालय मेरे घर की सड़क के उस पार होता तो मुझे विद्यालय पहुँचने में चार मिनट लगता| मेरे निवास और विद्यालय के बीच लंबी दूरी की वजह से मेरी पढ़ाई के साथ-साथ खेलने के समय भी प्रभावित होता है|
समय को स्थान या, इसके विपरीत, स्थान को समय में परिवर्तित कर सकते हैं|

3. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 150 शब्दों में दीजिए:

(i) आप अपने परिस्थान (Surrounding) का अवलोकन करने पर पाते हैं कि प्राकृतिक तथा सांस्कृतिक दोनों तथ्यों में भिन्नता पाई जाती है| सभी वृक्ष एक ही प्रकार के नहीं होते| सभी पशु एवं पक्षी जिसे आप देखते हैं भिन्न भिन्न होते हैं| ये सभी भिन्न तत्त्व धरातल पर पाए जाते हैं| क्या अब आप यह तर्क दे सकते हैं कि भूगोल प्रादेशिक/क्षेत्रीय भिन्नता का अध्ययन है?

उत्तर

प्राकृतिक तथा सांस्कृतिक दोनों तथ्यों में बहुत भिन्नता पाई जाती है| भूगोल प्रादेशिक/क्षेत्रीय भिन्नता का अध्ययन है| हालाँकि, भूगोल केवल प्रादेशिक/क्षेत्रीय भिन्नता का अध्ययन तक ही सीमित नहीं है| एक विषय के रूप में भूगोल का क्रोड क्षेत्र से संबंधित होता है तथा स्थानिक विशेषताओं और गुणों का विवेचन करता है| यह क्षेत्र में तथ्यों के वितरण, स्थिति एवं केन्द्रीकरण के प्रतिरूप का अध्ययन करता है तथा इन प्रतिरूपों की व्याख्या करते हुए उनका स्पष्टीकरण देता है| यह मानव तथा उसके भौतिक वातावरण के मध्य गत्यात्मक अंतर्प्रक्रिया से उपजे तथ्यों के बीच साहचर्य एवं अंतर्संबंध का विश्लेषण करता है|

(ii) आप पहले ही भूगोल, इतिहास, नागरिकशास्त्र एवं अर्थशास्त्र का सामाजिक विज्ञान के घटक के रूप में अध्ययन कर चुके हैं| इन विषयों के समाकलन का प्रयास उनके अंतरापृष्ठ (Interface) पर प्रकाश डालते हुए कीजिए|

उत्तर

• भूगोल एवं इतिहास: भूगोल ऐतिहासिक घटनाओं को प्रभावित करता है; स्थानिक दूरी स्वयं विश्व के इतिहास की दिशा को परिवर्तित करने के लिए एक प्रभावशाली कारक है| क्षेत्रीय विस्तार लड़ाई के दौरान विशेषकर पिछली शताब्दी में, कई देशों के लिए सुरक्षा का साधन बना| परंपरागत युद्ध में बड़े आकार वाले देशों ने अधिक स्थान छोड़कर समय का लाभ प्राप्त किया| प्रत्येक भौगोलिक तथ्य समय के साथ परिवर्तित होता रहता है तथा समय के परिप्रेक्ष्य में उनकी व्याख्या की जा सकती है| भू-आकृति, जलवायु, वनस्पति, आर्थिक क्रियाएँ, व्यवसाय एवं सांस्कृतिक विकास ने एक निश्चित ऐतिहासिक पथ का अनुसरण किया है|

• भूगोल एवं नागरिकशास्त्र: राजनीतिशास्त्र का मूल उद्देश्य राज्य क्षेत्र, जनसंख्या, प्रभुसत्ता का विश्लेषण है, जबकि राजनीति भूगोल एक क्षेत्रीय इकाई के रूप में राज्य तथा उसकी जनसंख्या के राजनितिक व्यवहार का अध्ययन करता है|

• भूगोल एवं अर्थशास्त्र: अर्थशास्त्र अर्थव्यवस्था की मूल विशेषताओं, जैसे उत्पादन, विवरण, विनिमय एवं उपभोग का विवेचन करता है| इन विशेषताओं में से प्रत्येक का स्थानिक पक्ष होता है| अतएव वहाँ आर्थिक भूगोल की भूमिका आती है, जो उत्पादन, विनिमय, वितरण तथा उपभोग के स्थानिक पक्ष का अध्ययन करता है|

भौतिक भूगोल के मूल सिद्धांत Class11th की सूची में वापिस जाएँ

Previous Post Next Post